बिलारी। तहसील के गांव बहोरनपुर नरौली स्थित प्रेम शांति हायर सेकेंडरी स्कूल में गायत्री यज्ञ के साथ ऑनलाइन नए शिक्षा सत्र का शुभारंभ किया गया। अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं विद्यालय प्रधानाचार्य विजयपाल सिंह राघव ने गायत्री यज्ञ किया तथा कोरोना काल में हमारे बीच से छोड़ कर जा चुके शिक्षक साथियों को विशेष आहुति से श्रद्धांजलि दी।गुरुवार को नए शिक्षा सत्र की तैयारी करते हुए विद्यालय में ज्ञान की देवी सद्बुद्धि दात्री मां सरस्वती का आवाहन किया गया। मंत्रोचार स्वस्तिवाचन, सत्कर्म कर्म के साथ गायत्री यज्ञ संपन्न किया जिसमें विद्यालय स्टाफ ने देश की खुशहाली तथा कोरोना महामारी की समाप्ति के लिए यज्ञ भगवान को विशेष आहुतियां समर्पित की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य विजय पाल सिंह राघव ने कहा कि किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत गायत्री महामंत्र से करने से मन मस्तिष्क शांत रहता है और गायत्री महामंत्र छात्रों को सही दिशा प्रेरणा देता है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य विजय पाल सिंह राघव, शंकर लाल शर्मा, आबिद हुसैन, मनोज सागर, प्रदीप कुमार आदि सहित स्टाफ मौजूद रहा।
0 टिप्पणियाँ