एक ही प्लॉट कई बार बेचने वाली महिला ठग गिरफ्तार
गाजियाबाद– लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रही एक महिला समेत दो लोगों को नोएडा पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) मीनाक्षी कात्यान ने बताया कि थाना सूरजपुर, थाना सेक्टर-49, थाना एक्सप्रेसवे तथा गाजियाबाद के कुछ थानों में विभिन्न लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सेक्टर-133 स्थित जेपी विश टाउन में प्लॉट बेचने के नाम पर धोखे से अरुण शर्मा और उसकी पत्नी नीलाक्षी शर्मा तथा प्रसनजीत खुराना आदि ने लाखों रुपये ठग लिए। इसके साथ ही इन पर यह भी आरोप हैं कि इन लोगों ने एक ही प्लॉट को कई लोगों को बेचा तथा उनसे मोटी रकम वसूल ली थी। इसे लेकर लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।डीसीपी ने बताया कि उक्त मामले की जांच कर रहे प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक व उनकी टीम ने मंगलवार को नीलाक्षी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। नीलाक्षी का पति अरुण शर्मा अभी फरार चल रहा है। एक दिन पूर्व इसी मामले में पुलिस ने प्रसनजीत खुराना को गिरफ्तार किया था।
0 टिप्पणियाँ