बिलारी। नगर के डाकबंगला के निकट स्थित मौहम्मद अली जौहर मौहम्मद इस्लाम इंटर कालिज में मौलाना मौहम्मद अली जौहर डे के उपलक्ष्य में एक गोष्ठी का आयोजन हुआ। गोष्ठी के दौरान मुख्य अतिथि विधायक मौहम्मद फहीम इरफान द्वारा छात्र-छात्राओं को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया।
गोष्ठी की शुरूआत कक्षा नौ के छात्र जैद ने - "अब तक बस एक धुन है मदीना देखूं " नात सुनाकर किया। इसके बाद गोष्ठी में बोलते हुये कक्षा नौ की छात्रा कु0 अलफिया, कु0 निधा, कु0 रेशम, छात्र मौ0 शहबाज और कक्षा 11 की छात्रा कु0 उजमा ने मौलाना मौहम्मद अली जौहर के जीवन पर प्रकाश डाला। गोष्ठी के बाद सभी छात्र-छात्राओं को मौलाना मौहम्मद अली जौहर के बारे में जानकारी देने और जीवन परिचय बताने पर विधायक मौहम्मद फहीम इरफान ने ट्राफी देकर सम्मानित किया।
गोष्ठी में बोलते हुये विधायक मौहम्मद फहीम इरफान ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी मौहम्मद अली जौहर विश्व की महान हस्तियों में से एक है। उन्होंने देश की आजादी के लिये बहुत संघर्ष किया था। साथ ही अखबार निकालकर देश के नौजवानों को एकजुट होने के लिये प्रेरित किया। मौहम्मद अली जौहर स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ शायर और पत्रकार भी थे। उनके कार्यों से प्रेरित होकर इस कालिज के संस्थापक मरहूम बिलारी के प्रथम विधायक मौहम्मद इरफान साहब ने मौहम्मद अली जौहर के नाम से ट्रस्ट बनवाया और उसके बाद कालिज को भी मौहम्मद अली जौहर का नाम दिया। आगे कहा कि मौलाना मौहम्मद अली जौहर देश की गंगा जमुनी तहजीब की बात करते थे। इस मौके पर प्रधानाचार्य शाहनावाज खान, प्रवक्ता श्रीमती कमलेश श्रीवास्तव, शिक्षिक ओमकार सिंह, खालिद दुर्रानी, पंकज सक्सैना, शिक्षिका नेहा वर्मा, शाईस्ता बी आदि ने भी विचार रखें। कार्यक्रम की अध्यक्षता अब्दुल कुददूस और संचालन प्रशान्त गुप्ता ने किया।
0 टिप्पणियाँ