रामपुर– गांव से लेकर शहर तक हर कहीं बेटियों का राज रहा। पूरे जिले की कमान बेटियों के हाथ में सौंप दी गई। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की जिला टॉपर इकरा बी जिलाधिकारी तो हाईस्कूल में जिला टॉप करने वाली प्रियांशी सागर ने पुलिस अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर जिलाधिकारी को मिशन शक्ति को व्यापक अभियान के रूप में लेने के निर्देश दिए हुए हैं। इसी के तहत प्रदेश के सभी जिले अपने-अपने तरीके से कुछ न कुछ नवाचार अपना रहे हैं। इसी क्रम में रामपुर प्रशासन ने थोड़ा और हटकर सोचा है। जिसे गुरुवार को अमलीजामा पहनाया गया। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी समेत जिले के 65 पदों की कमान सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक बेटियों के हाथ में है। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट में सर्वाधिक 87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले की टॉपर बनने वाली कलावती कन्या इंटर कालेज मिलक की छात्रा रहीं इकरा बी ने डीएम की कुर्सी संभाली तो श्री हरि इंटर कालेज रामपुर की हाईस्कूल में 90 प्रतिशत अंक पाकर जिला टॉप करने वाली प्रियांशी सागर ने एसपी का पदभार ग्रहण किया। पूरे प्रोटोकाल के तहत इन बेटियों को लेने के लिए इनके घरों पर सरकारी गाड़ी गई। पूरे काफिले के साथ ये अपने अपने दफ्तर पहुंचीं। जहां स्टाफ ने स्वागत किया। यहां कार्यालयों का निरीक्षण किया, जनसमस्याएं सुनीं।
0 टिप्पणियाँ