सीतापुर– घरेलू विवाद के बाद घर से निकले युवक का शव बुधवार सुबह कुंवरपुर-नया गांव सम्पर्क मार्ग पर लहूरीवान गांव के बाहर पुराने नाले में पेड़ से लटकता पाया गया। सूचना पर पहुंची अटरिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है।
अटरिया थाना क्षेत्र के लहूरीवान निवासी लवकुश (25) पुत्र सुन्दर मंगलवार देर शाम घर से निकलकर लापता हो गया। परिजनों की माने तो घर में आपस में हुई कहासुनी के बाद लवकुश घर से चला गया था। देर रात वापसी न होने पर परिजनों ने युवक की तलाश भी की लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह गांव के लोगों ने पेड़ से लटकी उसकी लाश दिखी। ग्रामीणों ने घटना से परिजनों और पुलिस को अवगत कराया। 
मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार के लोगों के बयान दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर ग्रामीणों की मानें तो घटनास्थल की स्थिति संदिग्ध लग रही थी। एसओ अटरिया करुणेश सिंह का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज कर सभी बिन्दुओं पर जांच पड़ताल शुरू की गई है।