बीकानेर– बदमाशों ने भाजपा के महामंत्री मोहन सुराणा के भतीजे को धमकाकर पांच लाख रुपए की फिरौती मांगी। फिरौती नहीं देने पर बदमाशों ने रात एक बजे उसके घर पर फायरिंग की और बाहर खड़ी कार में आग लगा दी। वारदात करने के 30 मिनट बाद बदमाशों ने फोन पर कहा कि यह तो ट्रेलर था, तुझे 30 गोलियां मारूंगा।गंगाशहर में इन्द्रा चौक निवासी शहर भाजपा के महामंत्री मोहन सुराणा और उनके भाई किरणचंद सुराणा का परिवार आसपास ही रहता है। पिछले कुछ दिनों से हरिओम रामावत नाम का शख्स भाजपा नेता के भतीजे नरेन्द्र सुराणा को फोन पर जान से मारने की धमकी देकर पांच लाख रुपए की फिरौती मांग रहा था। नरेन्द्र ने रुपए देने से मना कर दिया था। सोमवार रात रात एक बजे दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश उसके घर पहुंचे। एक बाइक पर सवार दो लोगों ने घर पर पांच राउंड फायरिंग की और पत्थर फेंके। दूसरी बाइक पर सवार नकाबपोशों ने भाजपा नेता के घर के बाहर खड़ी नरेन्द्र की कार के शीशे तोड़े और पेट्रोल डालकर उसमें आग लगा दी। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले तो बदमाश फरार हो गए। वारदात की जानकारी मिलने पर गंगाशहर एसएचओ अरविन्द भारद्वाज और सीओ सदर पवन कुमार भदौरिया मौके पर पहुंचे और नाकाबंदी करवाकर बदमाशों की खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चल पाया। वारदात के 30 मिनट बाद ही फिरौती मांगने वाले शख्स ने फिर नरेन्द्र के मोबाइल पर फोन कर कहा कि यह तो अभी ट्रेलर है, तूझे 30 गोलियां मारूंगा। इस दौरान मौके पर मौजूद एसएचओ ने मोबाइल लेकर उससे बात की तो बदमाश ने फोन काट दिया। एसएचओ ने बताया कि कोलायत निवासी हरिओम रामावत व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
0 टिप्पणियाँ