बिलारी। भारतीय किसान संघ मेरठ प्रांत द्वारा किसान भाइयों को संगठन से जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। भारतीय किसान संघ के सदस्यता अभियान को लेकर एक बैठक अमरपुर काशी स्थित मधुबन गौशाला में आयोजित की गई जिसमें भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान को लेकर विचार विमर्श किया।
बैठक में भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री तेजभान सिंह ने कहा कि बिलारी प्रखंड में हमें यह प्रयास करना है कि हम अधिक से अधिक गांव में पहुंचकर किसान भाइयों को अपने साथ जोड़ें और जब भारतीय किसान संघ का कार्यकर्ता किसी गांव में जाए तो सदस्यता अभियान के साथ-साथ उस गांव के किसानों की समस्याओं को भी लिख कर लाए। जिससे हम सब मिलकर किसान भाइयों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचा सके और समय से समस्या का निराकरण हो। भारतीय किसान संघ गैर राजनीतिक संगठन है और हमें किसी भी दल की राजनीति से कोई भी मतलब नहीं है हमें केवल अपने किसान भाइयों के हित में कार्य करना है।बैठक में उपस्थित भारतीय किसान संघ मुरादाबाद के बिलारी प्रखंड के कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया की हम अधिक से अधिक किसान भाइयों को संगठन से जोड़ेंगे और प्रयास करेंगे की बिलारी प्रखंड के प्रत्येक गांव में भारतीय किसान संघ का संगठन बने। इस अवसर पर अशोक यादव, आकाश शर्मा उर्फ लल्ला भैया, जीतू यादव, तेजभान सिंह सैनी, कमल प्रजापति, नरवीर यादव, तनुज शर्मा, राकेश सैनी आदि भारतीय किसान संघ मुरादाबाद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ