गाजियाबाद– प्रदूषण फैलाने वालों पर लगातार चल रहे अभियान के तहत शनिवार को प्रशासन ने फरूर्खनगर में बड़ी कार्रवाई की। आतिशबाजी के गढ़ फरूर्खनगर में प्रशासन ने 50 से ज्यादा स्थानों पर छापा मारकर करीब दस ट्राली आतिशबाजी बरामद कर उसे नष्ट कराया। बरामद माल की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही टीएचए में भवन निर्माण सामग्री खुले में रखने एवं धूल उड़ाने के लिए जिम्मेदार पांच प्रतिष्ठानों पर कुल सात लाख रुपये का जुर्माना ठोंका गया है। मेरठ रोड पर प्रशासन ने शनिवार को 72 हजार घनमीटर बालू खुले में पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कराया है। एसडीएम लोनी खालिद अंजुम के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की टीम ने फरूर्खनगर में कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। दुकान, घर और गोदाम में अचानक हुई छापेमारी से पूरे फरूर्खनगर में हड़कंप मच गया। टीम ने भारी मात्रा में तैयार आतिशबाजी बरामद की। एसडीएम लोनी के मुताबिक करीब 10 ट्रैक्टर ट्राली आतिशबाजी बरामद हुई है। दमकल को मौके पर बुलाकर गढ्ढा खुदवाकर उसमें आतिशबाजी नष्ट की गई है। इस बार दीपावली नजदीक आने के कारण तैयार माल ज्यादा पकड़ा गया है। इससे पूर्व भी इस साल दो बार बड़ी छापामार कार्रवाई फरूर्खनगर में हुई है। टीला मोड़ पुलिस ने अवैध पटाखे बरामद होने वाले मकानों के लोगों पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है। दीवाली पर बेचने के लिए पटाखों की खेप रखी गई थी। टीला मोड़ थाना प्रभारी रण सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान जिन भी घरों से अवैध पटाखे मिले हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। रिपोर्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ