ऊधमसिंह नगर– भांजे को घुमाने के लिए निकले एक युवक का शव हल्द्वानी रोड पर एक पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन परिजनों के मुताबिक युवक ने उन्हें फोन कर भांजे की हत्या करने और फिर आत्महत्या करने की बात कही थी। पुलिस मासूम की तलाश में जुट गयी है। हत्या और खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल सका है। जानकारी के अनुसार मूलत: ग्राम चुन्योरा थाना निगोही, शाहजहांपुर (यूपी) निवासी अनिल सिंह रुद्रपुर सिडकुल स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करते हैं। यहां वह परिवार समेत ट्रांजिट कैंप में रहते हैं। उनका बेटा अरुण सिंह (24) भी उनके साथ ही प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता था। वहीं, बेटी नीरज और दामाद पवन कुमार मूलत: निवासी ग्राम फलेरी, थाना भुता, बरेली (यूपी) भी ट्रांजिट कैंप में ही किराये पर रहते हैं। पवन भी सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। सोमवार सुबह किच्छा में हल्द्वानी रोड पर तीसरी मिल के पास सड़क किनारे पेड़ पर गमछे के सहारे एक युवक का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के कपड़ों की तलाशी ली तो उसमें मिले कागजों से शिनाख्त अरुण सिंह के रूप में हुयी। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गये। उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह साढ़े दस बजे अरुण बहन के कमरे पर गया और दो साल के भांजे धीरज को घुमाने के लिये ले जाने की बात कहकर निकल गया था। पुलिस के मुताबिक दोपहर में उसने घर में फोन कर धीरज की हत्या करने की बात कही थी। कुछ देर बाद उसने खुदकुशी कर लेने की बात परिजनों को बतायी थी। परिजन पूरी रात मामा-भांजे की तलाश में जुटे थे। एसएसआई बीसी आर्या और एसआई प्रकाशराम ने बताया कि शव कब्जे में ले लिया गया है। बताया कि मासूम धीरज का कोई सुराग नहीं लगा है। उसकी तलाश की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ